'धरा पर गंगा अवतरण' के साथ ताज महोत्सव का रंगारंग आगाज, फूलों की होली ने बांधा समां, यमुना आरती भी हुई शुरू
आगरा, 18 फरवरी। लखनऊ की डॉ. सुरभि शुक्ला व उनकी टीम द्वारा महाकुंभ थीम पर आधारित 'धरा पर गंगा अवतरण' की अपनी नृत्यांजलि से मनमोहक व भावविभोर करने वाली प्रस्तुति के साथ ताज महोत्सव-2025 का आगाज हो गया। मुरारी लाल शर्मा व उनकी टीम ने रास व ब्रज की फूलों की होली से समां बांधा। श्रद्धा मिश्रा ने गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। ताज महोत्सव में यमुना किनारा स्थित यमुना आरती कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, काशी, अयोध्या की तरह यमुना आरती का आयोजन बहुत भव्य रूप से किया जा रहा है।
इससे पूर्व शिल्पग्राम में केन्द्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.मंजू भदौरिया, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने फीता काट कर महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉल पर जाकर शिल्पियों से बात की तथा उनके उत्पाद निर्माण प्रक्रिया को जाना।
ताज महोत्सव में विभिन्न खान पान की विभिन्न स्टॉल के साथ, देश के अलग अलग राज्यों के उत्पाद भी उपलब्ध हैं। जो लोग कश्मीर, राजस्थान, बंगाल नहीं जा सकते वो सब यहां उपलब्ध है।
____________________________________
Post a Comment
0 Comments